काशीपुर। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक व्यापारियों की समस्याएं सुलझाने और जीएसटी के क्रियान्वयन पर विचार विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि जीएसटी को लेकर भ्रांति है। एक कर-एक दर की व्यवस्था होने पर संगठन समर्थन करेगा।
शनिवार को रुद्रपुर मार्ग पर स्थित एक होटल सभागार में आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि व्यापारी कर देना चाहता है लेकिन इंस्पेक्टरराज नहीं चाहता है। हालांकि अभी भी जीएसटी बिल में महीने में चार बार रिटर्न भरने की व्यवस्था है।
इसका दुकानदार विरोध कर रहे हैं। कुमाऊं मंडल प्रभारी अश्वनी छाबड़ा ने कहा कि कोई भी नीति बने व्यापारी संगठनों की सहमति लेनी होगी। संगठन के रुद्रपुर अध्यक्ष राजेश बंसल ने कहा कानून व्यापारियों के हित के लिए बने न कि शोषण, उत्पीड़न के लिए। व्यापारी सबसे अधिक सरकार को कर देते हैं। इसके बावजूद व्यापारियों का ही उत्पीड़न होता है।
बैठक में तीन चरणों में संपर्क रैलियां निकालने का निर्णय लिया गया। रैली में व्यापारी नेता संगठन का ध्वज लगाकर भाग लेंगे। रैली जिस नगर में प्रवेश करेगी, वहां के संगठन स्वागत कर एकता का परिचय देगा। रैली में प्रदेश अध्यक्ष सबसे आगे खुली जीप में खडे़ रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष के साथ संरक्षक, महामंत्री रैली में शामिल रहेंगे। बैठक में चार चरणों में प्रदेश में रैली निकाल कर व्यापारियों से संपर्क करने का निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम के अनुसार रैली का पहला चरण 17 मार्च को जसपुर से किच्छा, दूसरा चरण सात अप्रैल को देहरादून से उत्तरकाशी तक। तीसरा चरण दो सितंबर को हल्द्वानी से गरुड़, तीन सितंबर को कपकोट से पिथौरागढ़, चार सितंबर लोहाघाट से बनबसा में समापन होगा। एक जुलाई से 25 अगस्त तक सभी जिलों में बैठक होगी।
19 अगस्त को कुमाऊं मंडल की जिलाध्यक्ष, पदाधिकारियों की हल्द्वानी में बैठक होगी। 26 अगस्त को गढ़वाल मंडल के जिलाध्यक्ष, पदाधिकारियों की ऋषिकेश में बैठक होगी। इस दौरान महामंत्री नवीन, कोषाध्यक्ष एमसी तिवारी, प्रवक्ता आकाश घई, काशीपुर अध्यक्ष दीपक वर्मा, गीता चौहान, मुशर्रफ हुसैन, पंकज टंडन, सत्यवान गर्ग, अंशु रस्तोगी आदि थे।