काशीपुर। दिल्ली रूट से हटने के बाद बीएस-4 की बसें हरिद्वार, देहरादून और टनकपुर रूट पर संचालित हो रही है। अब डिपो के पास मेरठ और रामपुर का परमिट मिल गया है। बावजूद इसके इन रूटों पर इन बसों का संचालन नहीं हो रहा है। ऐसे में मेरठ और रामपुर जाने वाले यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
काशीपुर से मेरठ और रामपुर के लिए वर्तमान में सीधी सरकारी बस सेवा नहीं होने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोग महंगा किराया देकर निजी वाहनों पर यात्रा करने के लिए मजबूर हैं। कई बार लोगों को मुरादाबाद जाकर बस बदलनी पड़ती है। काशीपुर डिपो की सेवा शुरू होने से यात्रियों को किफायती और सुरक्षित सफर मिल सकता है लेकिन डिपो प्रशासन अभी तक बस सेवा शुरू नहीं कर सका है। पहले परमिट नहीं होने की परेशानी बताई जा रही थी अब बस कम होने की बात कही जा रही है। डिपो दिल्ली रूट से हटी बीएस-4 की बसों को हरिद्वार, देहरादून रूट पर संचालित कर रहा है जबकि इन रूटों पर पहले से ही बसों का संचालन होता रहा है। मेरठ और रामपुर के लिए लंबे समय से स्थानीय लोग बस संचालित करने की मांग करते रहे है। बावजूद इसके बस सेवा शुरू नहीं होने से लोगों की परेशानी खत्म नहीं हो रही है।
डिपो के कनिष्ठ केंद्र प्रभारी अनवर कमाल ने बताया कि मेरठ व रामपुर रूट पर बसों का संचालन करने के लिए बसों की कमी है। बसों की उपलब्धता के बाद बसों का संचालन किया जाएगा।