क्षेत्र में बढ़ रही लगातार चोरी की घटनाओं ने पुलिस को बेचैन कर दिया है। पुलिस अभी तक एक भी चोरी का खुलासा करने में नाकाम रही है। कोतवाल ने चीता मोबाइल में तैनात सिपाहियों को तलब कर पेंच कसे। बता दें कि कुंडा थाना क्षेत्र के बैलजुड़ी मोड़ में स्टार ट्रेडिंग नाम की सेनेट्री की दुकान की दीवार काटकर लाखों रुपयों का सामान चोरी हो गया था।
आईटीआई थाना अंतर्गत डिफेंस कालोनी स्थित पंडा विकास अग्निहोत्री के बाल सुंदरी गौशाला के कमरे का ताला तोड़कर चोर घरेलू सिलेंडर और पूजा का सामान ले गए थे। मोहल्ला अल्लीखां निवासी नरगिस के घर का ताला तोड़कर चोर इंवेटर की बेट्री चुराकर ले गए थे। शुक्रवार को चोर मोहल्ला अल्ली खां निवासी नाजिमा के घर से लाखों रुपये के जेवरात और 20 हजार रुपए चुराकर ले गए थे। सभी घटनाओं की जानकारी होने के बाद भी पुलिस एक चोरी का भी खुलासा नहीं कर सकी है। कोतवाल ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि सभी चीता सिपाहियों को बुलाकर गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। तीन दिन के भीतर चोरी का खुलासा करने को भी कहा गया है। कुंडा एसओ संजय पाठक ने बताया कि बैलजुड़ी मोड़ में हुई चोरी का खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।