रुद्रपुर। रोडवेज बस टर्मिनल निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बावजूद परियोजना फिर अधर में लटकती दिख रही है। बीते शुक्रवार को प्रशासन ने रोडवेज परिसर से सटी विश्वकर्मा मार्केट में अतिक्रमण हटाते हुए तीन दुकानों को ध्वस्त किया था लेकिन कार्रवाई के बाद अब कुछ दुकानदारों ने दोबारा दुकानें खोलकर कारोबार शुरू कर दिया है। टर्मिनल निर्माण के लिए मुख्य प्रवेश मार्ग पूरी तरह खाली नहीं हो सका है।
प्रशासन ने पहले दुकानदारों को सोमवार तक स्वयं दुकानें खाली करने का समय दिया था। इसके बावजूद बीती शुक्रवार को जेसीबी और पुलिस बल के साथ कार्रवाई शुरू होने पर व्यापारियों ने विरोध जताया। उनका कहना था कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने से पहले ही ध्वस्तीकरण किया गया जबकि वे स्वयं दुकानें हटाने की तैयारी कर रहे थे।
तीन दुकानों पर बुलडोजर चलने के बाद विरोध के चलते कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। वहीं, कुछ दुकानों में फिर से सामान रखकर कारोबार शुरू कर दिया गया। इससे बस टर्मिनल निर्माण का रास्ता एक बार फिर अटक गया है। करोड़ों रुपये की इस परियोजना का काम लंबे समय से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया के कारण आगे नहीं बढ़ पा रहा है। दूसरी ओर यात्रियों को अब भी अस्थायी व्यवस्था में धूप और बारिश के बीच बसों का इंतजार करना पड़ रहा है।
कोट
रोडवेज के पास अतिक्रमण की जद में आ रही दुकानों को हटाने की कार्रवाई प्रशासन को करनी है। जैसे ही पूरा क्षेत्र खाली होगा, टर्मिनल निर्माण कार्य तेजी से शुरू करा दिया जाएगा। - मधुसूदन मिश्रा, एआरएम, रोडवेज