रुद्रपुर। मुरादाबाद से लालकुआं जा रही पेसेंजर ट्रेन छतरपुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पार कर रही भैंस से टकरा गई। हादसे से ट्रेन के इंजन में खराबी आ गई।
दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन को आगे रवाना किया। इस दौरान करीब एक घंटे तक रेलवे ट्रैक बाधित रहा। टांडा रेलवे फाटक बंद रहने से नैनीताल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही भी बंद रही।
मुरादाबाद- लालकुआं पैसेंजर ट्रेन 35031 बृहस्पतिवार शाम 5:25 बजे छतरपुर रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रही थी कि इसी दौरान ट्रेन से ट्रैक पार कर रही भैंस टकरा गई।
हादसे में भैंस की जान तो गई ही, ट्रेन के इंजन में भी खराबी आ गई। ट्रेन के ट्रैक पर खड़े रहने से हल्द्वानी मार्ग पर टांडा के पास स्थित रेलवे फाटक बंद करना पड़ा।
छतरपुर के स्टेशन मास्टर एसएस मिश्रा ने बताया कि जांच में इंजन में खराबी होने की बात सामने आई। दूसरा इंजन मंगाकर ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
इस काम में करीब एक घंटे का समय लग गया। फाटक बंद होने से रुद्रपुर-नैनीताल हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंसे रहे। लोगों को एक घंटे तक ट्रेन गुजरने का इंतजार करना पड़ा। ट्रेन गुजरने के बाद ही यातायात सामान्य हो पाया।