रुद्रपुर। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं शनिवार से शुरू हो गईं। जिले के 110 परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन इंटरमीडिएट के 5603 परीक्षार्थियों ने ड्राइंग व पेंटिंग की परीक्षा दी। परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह दिखा और केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।जिले में इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 39,924 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। शनिवार को 12वीं के ड्राइंग पेपर के साथ बोर्ड परीक्षा की औपचारिक शुरुआत हुई। सुबह 10 बजे शुरू होने वाली परीक्षा के लिए छात्र सुबह नौ बजे ही केंद्रों पर पहुंच गए थे। प्रवेश द्वार पर गहन तलाशी के बाद ही छात्रों को कक्षा में प्रवेश दिया गया। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक और शिक्षक मुस्तैद रहे।
मारू रागिनी और मुगल कला पर आधारित रहे सवाल
ड्राइंग के प्रश्नपत्र में राष्ट्रीय ध्वज के चक्र का रंग, बंगाल शैली, मुगल कला शैली व मेवाड़ शैली के मारू रागिनी चित्र पर आधारित महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे गए। परीक्षा देकर बाहर निकले परीक्षार्थियों ने प्रश्नपत्र को सरल और संतुलित बताया।
परीक्षार्थियों की प्रतिक्रिया:
- पेपर अच्छा हुआ। मुगल कला शैली पर पूछे गए सवाल का जवाब नही दे पाई।
- मुगल कला और बंगाल शैली के कुछ प्रश्न थोड़े घुमावदार थे, लेकिन कुल मिलाकर पेपर अच्छा रहा। - अंशु कुमारी
- पेपर काफी आसान आया था, मैंने सभी प्रश्नों के उत्तर हल किए हैं। -सौरभ सिंह
- मेरा 90 प्रतिशत प्रश्नपत्र सही हुआ है, अच्छे अंक आने की उम्मीद है। -मीनाक्षी
- बंगाल शैली की पेंटिंग पर आधारित प्रश्न छूट गया बाकी पेपर अच्छा हुआ। रोहित
पहले दिन जिले के सभी केंद्रों पर परीक्षाएं पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई हैं। शिक्षा विभाग अन्य सभी परीक्षाओं को भी सकुशल और शुचिता के साथ संपन्न कराने के लिए तैयार है। - केएस रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी