काशीपुर। आंधी और तेज बारिश से 11 हजार की लाइन के केबल बॉक्स में आग लग गई। इससे आधा दर्जन कालोनी की बिजली गुल रही। रविवार की देर रात आंधी और तेज बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली। वहीं मानपुर बिजलीघर पर 11 हजार की विद्युत केबल के बॉक्स में अचानक आग लग गई। इससे स्टेडियम रोड, शिवनगर, गिरीताल, पशुपति विहार, दुर्गा कालोनी, सैनिक कालोनी, विजय नगर के करीब चार हजार उपभोक्ताओं को रात भर बिना बिजली के रहना पड़ा।
उपभोक्ताओं को सुबह भी बिजली नसीब नहीं हुई। इससे लोगों को पानी तक नहीं मिल सका। इसके चलते विभागीय लोगों को दफ्तर जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ी। रात भर विद्युत कर्मियों ने केबल बोर्ड को ठीक करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
सोमवार करीब 10 बजे तक विद्युत आपूर्ति सुचारु की जा सकी। विभाग के अधिशासी अभियंता विवेक कांडपाल ने बताया देर रात आंधी और बारिश होने से अचानक 11 हजार लाइन के केबल बोर्ड में आग लग गई। सुबह तक ही विद्युत आपूर्ति को सुचारू किया जा सका। इससे विभाग को करीब 15 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।