रुद्रपुर। शहर के मुख्य बाजार में दो व्यापारियों के परिवारों के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रॉस प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार केके इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक कृष्ण कुमार गोस्वामी ने बताया कि पड़ोसी व्यापारी पंकज ग्रोवर अक्सर उनकी दुकान पर आने वाले इलेक्ट्रॉनिक सामान पर पानी डालकर नुकसान पहुंचाने का प्रयास करता था। 22 मई की शाम जब दुकान पर एसी, फ्रिज समेत अन्य सामान उतारा जा रहा था तो पंकज ग्रोवर ने फिर पानी डाल दिया।
विरोध करने पर वह आगबबूला हो गया और अपने पुत्र रोनक ग्रोवर को बुला लिया। आरोप है कि हथियारबंद साथियों के साथ रोनक उनकी दुकान में घुसा। इसके बाद कृष्ण कुमार व उनके पुत्रों मनीष और शिवम गोस्वामी पर हमला कर दिया। घटना में दोनों पुत्रों को चोटें आईं।
आरोप है कि आसपास के व्यापारियों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया जिसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देकर चले गए।
दूसरे पक्ष के पंकज ग्रोवर ने भी आरोप लगाया कि उनकी दुकान के सामने पानी डालने को लेकर विवाद हुआ था। उनका कहना है कि कृष्ण कुमार गोस्वामी और उनके पुत्र उन्हें अपनी दुकान के भीतर खींच ले गए और पीटकर घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र रोनक ग्रोवर को भी पीटा जिससे उसके दांत और मुंह में गंभीर चोटें आईं।
सीओ विभव सैनी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रॉस प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।