खटीमा। मनरेगा के कार्य को बढ़ावा देने के सरकार के उद्देश्य को लेकर हुई बैठक में क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष रंजीत सिंह नामधारी ने कहा कि राज्य वित्त एवं 15वें वित्त के कार्यों को भी मनरेगा से जोड़ा जाए। विकासखंड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक में लगभग 40 करोड़ के मनरेगा कार्य संपन्न कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। ब्लाक प्रमुख नामधारी की अध्यक्षता में मनरेगा के कार्यों को बढ़ावा देने की सरकार की योजना पर मंथन हुआ। जिसमें क्षेत्र पंचायत व ग्राम पंचायत के सहयोग की अपेक्षा की। बैठक में वर्ष 19-20 में 23390 जॉब कार्ड धारकों में 8830 लोगों के द्वारा काम किया गया। जिसमें 2 लाख 34 हजार 542 दिन काम करने के बाद लगभग साढे चार करोड़ का काम लिया गया। बैठक में इस बार 20 हजार जॉब कार्ड धारकों से 40 करोड़ के काम का लक्ष्य रखा गया। बैठक में ब्लाक प्रमुख नामधारी एवं राज्य सभा सांसद प्रतिनिधि साधू सिंह नामधारी ने ग्राम विकास अधिकारियों, ग्राम पंचायत अधिकारियों से कुपात्रों द्वारा इस्तेमाल होने वाले बीपीएल कार्ड के मामले में चर्चा की। बैठक में उन ग्रामीणों को चिन्हित करने का निर्णय लिया जो संपन्न होने के बाद भी बीपीएल कार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं। बैठक में बीडीओ एनसी उपाध्याय, राजूराम आर्य, मीरा पासवान, चंद्रकला, तनुज धामी, रमनदीप कौर, नवीन सती, प्रदीप आर्य, प्रमोद पांडे, ददूर सिंह राणा, संजय कुमार, रामकरन मौर्य, गौरव कुमार, रोजगार सेवक मौजूद थे।