एक भाजपा नेत्री की पुत्री को अगवा करके ले जाने वालों की गिरफ्तारी नहीं होने पर बुधवार को भाजपाई भड़क गए। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और गायब की गई पुत्री को बरामद करने की मांग को लेकर देर शाम कोतवाली पहुंचकर धरना दिया। भाजपाइयों ने पुलिस पर एक आरोपी को हिरासत में लेकर छोड़ने का आरोप भी लगाया। सीओ रुद्रपुर मंजूनाथ ने मौके पर पहुंचकर तुरंत कार्रवाई का आश्वासन देकर बृहस्पतिवार को अपने कार्यालय में बुलाया है।
आरोप है कि भाजपा नेत्री की पुत्री को बीस दिन पहले कुछ लोग अगवा करके ले गए। मामले में परिजनों ने मूल रूप से यूपी के रामपुर जिले के शाहबाद निवासी शत्रुघ्न और उसके परिवार के नरेंद्र, पूनम, गुड्डू और हरी सिंह आदि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बीस दिन बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। भाजपाइयों को जब यह पता चला कि एक आरोपी को हिरासत में लेने के बाद भी पुलिस ने छोड़ दिया है, तो इस वह भड़क गए और बुधवार देर शाम विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कोतवाली जा धमके। भाजपाइयों ने विरोध जताते हुए कोतवाली में धरना शुरू कर दिया।
भाजपा नेताओं का कहना कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी पुलिस न तो आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है और न ही युवती को बरामद कर पाई है। कहा कि आरोपियों में से एक को पुलिस ने पूछताछ के लिए दो बार हिरासत में भी लिया लेकिन उसे छोड़ दिया। इस दौरान एसएसआई डीआर वर्मा ने भाजपाइयों को मनाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। वहां पर भाजपा नेता हरीश सुखीजा, अनिल चौहान, श्वेता मिश्रा, मीना शर्मा, रामा देवी ठाकुर, नत्थू लाल गुप्ता, कांति कोली, विपिन शर्मा, विजय गुप्ता, राजेश शर्मा, राजवीर यादव, गोपी सागर, राकेश कुमार आदि भी थे।
.