काशीपुर। भाजपा ने जिला पंचायत की सीटों पर समर्थित उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं जबकि कांग्रेस अभी एक-दो दिन और नामों पर मंथन करेगी। क्षेत्र की 16 सीटों में से 14 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का एलान किया गया है। बरीराई और बाजपुर गांव की सीट को स्वतंत्र किया गया है। इन दोनों वार्डों में भाजपा की ओर से कोई प्रत्याशी चुनाव मैदान में नहीं उतारा जाएगा।
जिलाध्यक्ष मनोज पाल ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति और जिला चुनाव समिति से चर्चा के बाद बृहस्पतिवार को पार्टी समर्थित जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं। इनमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी और महिला आरक्षित सीटों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
पार्टी की ओर से खटोला वार्ड से राकेश सिंह, खेमपुर से सिल्की खेड़ा, गदरपुरा से परमजीत कौर, रतनपुरा से रोशन लाल उर्फ टिंकू तोमर, टांडा आजम से गुलशन कंबोज, भीकमपुरी से पुनः परमजीत कौर को प्रत्याशी घोषित किया गया है। हरसान वार्ड से कमल भट्ट को सामान्य श्रेणी से प्रत्याशी बनाया गया है। प्रतापपुर, बांसखेड़ा खुर्द, ढकिया कला जैसे अनुसूचित जाति (महिला) आरक्षित वार्डों से क्रमशः बीना आर्य, रीना जाटव और सुरेंद्र कौर को मैदान में उतारा गया है।
इसके अलावा पतरामपुर (ओबीसी महिला) से रंजित कौर, नारायणपुर (महिला) से कामिनी सिंह और सरवरखेड़ा (सामान्य) से बृजेश कुमार को पार्टी प्रत्याशी घोषित किया गया है। अंतिम सूची में 35 नंबर वार्ड बैलजुड़ी से हुकुम सिंह को अनुसूचित जाति श्रेणी में प्रत्याशी बनाया गया है। इधर, कांग्रेस के महानगर/जिलाध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन ने बताया कि पार्टी की ओर से अभी प्रत्याशियों के नामों पर मंथन किया जा रहा है। एक-दो दिनों में प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुस्तैदी से चुनाव जीतने के लिए लड़ेगी।