काशीपुर। सरकारी अस्पताल में बायोमेडिकल वेस्ट का सही से निस्तारण नहीं हो रहा है। मवेशियों के वेस्ट बिखेरने से आसपास में गंदगी होने के साथ संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं।
एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय में रोजाना करीब 550-600 की ओपीडी होती है। अस्पताल में मरीजों की मरहम पट्टी, ऑपरेशन, सामान्य व सीजर प्रसव होते हैं। विभिन्न स्थानों से भारी मात्रा में बायोमेडिकल वेस्ट निकलता है। इसे एकत्र करने के लिए ट्रामा सेंटर के पीछे लोहे का डस्टबिन रखा हुआ है लेकिन यह जर्जर हो चुका है। इसकी सफाई तक नहीं कराई जा रही है।
मेडिकल वेस्ट के ढेर में कुत्ते एवं अन्य बेजुबान मवेशी घुसकर मुंह मारते रहते हैं। कबाड़ी भी मौका पाकर कबाड़ बीनते हैं। वेस्ट का सही से निस्तारण नहीं होने पर मवेशी से परिसर में खींचकर बिखेर देते हैं। इसकी दुर्गंध से आवास में कर्मचारी और मरीज परेशान हैं।
कोट:
सरकारी अस्पताल काशीपुर में बायोमेडिकल वेस्ट उठाने के लिए गदरपुर से वाहन सप्ताह में दो दिन जाता है। इसके स्थायी निस्तारण के लिए शीघ्र ही व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए कार्यवाही चल रही है। - डॉ. केके अग्रवाल, सीएमओ, ऊधमसिंह नगर