रुद्रपुर एनएच-87 में रात के समय बैठे निराश्रित गोवंशीय पशु। संवाद
रुद्रपुर। रुद्रपुर, जसपुर, काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, सितारगंज ब्लॉक में गोशाला बनेंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत और शहरी क्षेत्रों में नगर निकायों की ओर से इनका निर्माण कार्य किया जाएगा। इसके लिए डीपीआर बनाने का कार्य शुरू हो गया है।
वर्ष 2019 की पशुगणना के अनुसार जिले में 3,475 निराश्रित गोवंशीय पशु सड़कों या जंगलों में घूम रहे थे। पशुपालन विभाग के मुताबिक अब गोवंशीय पशुओं की संख्या करीब 6,000 हो चुकी है। हाईवे या सड़कों पर निराश्रित घूम रहे पशुओं से सड़क हादसे होने के साथ ही उनकी भी मौत हो रही है। हाईकोर्ट के सख्त निर्देश पर शासन ने सभी जिलों में गोशालाएं खोलने के आदेश दिए हैं। इसलिए डीएम ने सभी एसडीएम को गोशालाओं के लिए भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए थे।
भूमि चिह्नित करने के बाद अब गांव में जिला पंचायत या शहर में नगर निगम या पालिकाओं की ओर से गोशालाएं बनाने के लिए डीपीआर बनाई जा रही है। सीवीओ डॉ. एसबी पांडेय ने बताया कि गोशाला का संचालन एनजीओ के माध्यम से किया जाएगा। सरकार एनजीओ को प्रति गोवंशीय पशु की दर से 80 रुपये दे रही है। गोशाला संचालन के लिए एनजीओ के आवेदन भी आने लगे हैं।