रुद्रपुर। जिले की बिंदुखेड़ा-रायपुर सड़क डबल लेन बनेगी। लोनिवि ने सड़क चौड़ीकरण, डामरीकरण के लिए 3.85 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। सड़क चौड़ीकरण का लाभ कई इलाकों को मिलेगा।
बिंदुखेड़ा-रायपुर सड़क रायपुर, अंबरपुर, बसंतपुर, अर्जु्नपुर, हरदासपुर, शिवनगर, जयनगर के साथ साथ ही कई इलाकों को जोड़ती है। साढ़े तीन किमी लंबी सड़क सिंगल लेन है। सड़क पर लंबे समय से डामरीकरण न होने से वाहन संचालन में दिक्कत आ रही है। सड़क पर वाहनों का भारी दबाव रहता है। इलाके के लोग लंबे समय से सड़क का चौड़ीकरण करने के साथ ही डामरीकरण करने की मांग कर रहे हैं।
लोनिवि के सहायक अभियंता केशव लाल ने बताया कि क्षेत्र के लोगों को सुगम यातायात का लाभ दिलाने के लिए 3.5 किमी लंबी सड़क के दो किमी हिस्से के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस हिस्से में सड़क डबल लेन बनाई जाएगी। बताया कि राज्य योजना मद से सड़क विस्तारीकरण के लिए बजट स्वीकृत करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। जल्द ही प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की उम्मीद है। सड़क के बचे डेढ़ किमी हिस्से को भी भविष्य में दो लेन बनाया जाएगा।
.....