पुलभट्टा सड़क हादसे का मृतक हरिश का फाइल फोटो।
- फोटो : amar ujala
पत्नी का इलाज कराने बाइक से बहेड़ी जा रहे युवक की रोडवेज बस की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेते हुए बस को कब्जे में ले लिया है। ट्रांजिट कैंप विवेकनगर निवासी हरीश शर्मा (27) पुत्र अयोध्या प्रसाद सिडकुल की एक कंपनी में काम करता था।
कुछ दिनों से उसकी पत्नी सोना का स्वास्थ्य खराब चल रहा था। शनिवार सुबह हरीश छोटे भाई जोगेंद्र (22) के साथ पत्नी का इलाज कराने के लिए उसे बहेड़ी ले जा रहा था। बाइक जोगेंद्र चला रहा था। पुलभट्टा गौला नदी पुल के पास पहुंचते ही पीछे से आ रही रुद्रपुर डिपो की बस (यूके 07पीए 1457) ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी जोगेंद्र की बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक पर पीछे बैठा हरीश का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरने के बाद बस के टायर के नीचे आकर कुचल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जोगेंद्र और सोना मामूली रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलभट्टा थाना पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी विद्यादत्त जोशी ने बताया कि फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। मृतक तीन भाई थे, जिसमें से हरीश दूसरे नंबर का था।