फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आग से वीगा ऑटो एसेसरीज फैक्ट्री राख

Thu, 19 May 2016 12:30 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, ऊधमसिंह नगर
विज्ञापन
फैक्ट्री - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
सिडकुल स्थित हेलमेट बनाने की फैक्ट्री में शॉर्टसर्किट से लगी आग से पूरा सामान राख हो गया है। कारखाने में थर्माकोल, थिनर आदि ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल वाहनों को कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। 
विज्ञापन


जब तक आग पर काबू पाया जाता पूरा सामान जल चुका है। कंपनी के अधिकारियों के अनुसार आग से तकरीबन 20 करोड़ की क्षति हुई है। इधर आग की सूचना मिलते ही कंपनी के एमडी भी मौके पर पहुंच गए।

मंगलवार रात लगभग साढ़े दस बजे सिडकुल के सेक्टर चार स्थित वीगा ऑटो एसेसरीज के बाहर लगे ट्रांसफार्मर से आग लग गई। आग लगने के बाद कंपनी में तैनात सुरक्षा गार्ड जान बचाकर मौके से भाग खड़े हुए। इस बीच आग की उठती  लपटों ने कारखाने को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री आग के गोले में तब्दील में हो गई। 
विज्ञापन


कारखाने में आग की सूचना में फैक्ट्री अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। आनन में दमकल वाहन भी आग पर  काबू पाने के लिए घटना स्थल पर दौड़ पड़े। पुलिस और फैक्ट्री कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने की भरसक कोशिश भी की लेकिन नतीजा सिफर रहा। बताया जा रहा है कि कारखाने में रखे थर्माकोल और थिनर ने आग को और भड़का दिया। 

बताया जा रहा है कि जब अग्निकांड की घटना हुई थी तब कंपनी में लगभग 70 हजार हेलमेट बनकर तैयार रखे हुए थे जबकि इतनी ही संख्या में अधूरे बने हेलमेट रखे हुए थे। इधर आग की सूचना मिलते ही देर रात कंपनी के डायरेक्टर दिलीप राज चाड़क भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने घटना के संदर्भ में जानकारी ली। 

महाप्रबंधक नादिर हुसैन ने बताया कि बीती रात ट्रांसफार्मर में शॉर्टसर्किट से आग लग गई। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मी जब तक कुछ समझ पाते तब तक आग ने फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया।

13 घंटे बाद पाया जा सका आग पर काबू
वीगा ऑटो एसेसरीज में आग की विभीषिका का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल के 18 वाहनों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इन दमकल वाहनों को पानी लाने के लिए कई चक्कर लगाने पड़े, तब कहीं सुबह लगभग 11 बजे आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझाने के लिए आसपास की फैक्ट्रियों के हाईड्रेंट भी प्रयोग में लाए गए।

आसपास की फैक्ट्रियों में भी मचा हड़कंप
वीगा ऑटो एसेसरीज में आग लगने से आसपास की फैक्ट्रियों में भी हड़कंप मच गया। तमाम कारखानों के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और अपनी-अपनी कंपनियों को आग से बचाने के प्रयास में जुट गए। कई कंपनियों ने किसी अनहोनी से निपटने के लिए हाईड्रेंट भी खोल दिए। वहीं पुलिस प्रशासन की टीम भी पूरी तरह से मुस्तैद दिखाई दी।

300 कर्मचारियों का भविष्य अधर में
वीगा ऑटो एसेसरीज में अग्निकांड की घटना से कारखाने में काम करने वाले लगभग 300 कर्मचारियों का भविष्य भी अंधकारमय हो गया है। कारखाने के आग की भेंट चढ़ जाने के बाद सभी कर्मचारियों के समक्ष रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है। अग्निकांड के बाद सभी श्रमिक सदमे में हैं।

हल्द्वानी सहित कई कंपनियों की गाड़ियां जुटी रही
वीगा ऑटो एसेसरीज में आग की घटना के बाद हल्द्वानी, लालकुआं सेंचुरी पेपर मिल सहित कई कंपनियों के दमकल वाहन भी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हिंदुस्तान जिंक, अशोका लीलैंड, टाटा मोटर्स, बजाज ऑटो के अलावा सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल, फायर ब्रिगेड के दमकल वाहन मौके पर पहुंच गए थे। 

सात घंटे तक मौके पर डटे रहे एसडीएम
फैक्ट्री में लगी आग की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अमला भी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा। एसडीएम एपी बाजपेई ने मौके पर पहुंच कर कारखाना प्रबंधन से अग्निकांड की जानकारी ली। एसडीएम अग्निकांड स्थल पर लगभग सात घंटे तक डटे रहे। एसडीएम ने कहा कि फैक्ट्री पूरी तरह से जलकर ध्वस्त हो गई है। फैक्ट्री मालिकों के अनुसार करीब 20 करोड़ से अधिक का नुकसान माना जा रहा है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें