सितारगंज। अमरिया चौराहे से पंडरी गांव जाने वाले मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शुक्रवार को पंडरी के ग्राम प्रधान मो. फरहान ने पुलिस को सूचना दी कि अमरिया चौराहे से पंडरी जाने वाले मार्ग पर वन विभाग के बैरियर के पीछे खाली प्लॉट एक व्यक्ति का शव पड़ा है। एसएसआई राजेंद्र मौनियाल टीम के साथ वहां पहुंचे। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि मृतक का नाम मंगल है जो भीख मांगकर जीवनयापन करता था। लोगों के अनुसार वह नशे का आदी था और अक्सर उसी प्लॉट में रात गुजारता था।
पुलिस ने शव को स्थानीय सरकारी अस्पताल पहुंचाया। इधर, रुद्रपुर से पहुंची फील्ड यूनिट टीम ने जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। फिलहाल, पुलिस मृतक की शिनाख्त और मौत के कारणों की जांच में जुटी है।