काशीपुर। बार एसोसिएशन के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर एसोसिएशन के विभिन्न पदों के प्रत्याशियों ने अपने पक्ष में मतदान करने के लिए जनसंपर्क शुरू कर दिया है। वहीं एसोसिएशन के चुनाव अधिकारी ने वैध प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। अब अध्यक्ष और आय-व्यय निरीक्षक पद पर त्रिकोणीय मुकाबला होगा।
काशीपुर बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया व वैध प्रत्याशियों की घोषणा के बाद प्रत्याशियों का जनसंपर्क अभियान जोर पकड़ने लगा है। पूरा कचहरी परिसर बैनर, पोस्टर से पटा है। चुनाव अधिकारी अंशुमान सिंह व आनंद स्वरूप रस्तोगी ने बताया कि बुधवार को वैध प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। अब चुनाव मैदान में अध्यक्ष पद पर अवेधश कुमार चौबे, गिरजेश खुल्बे व विरेंद्र कुमार चौहान हैं। वहीं उपाध्यक्ष पद पर विधुशेखर शर्मा व अनूप कुमार शर्मा, सचिव पद पर नृपेंद्र चौधरी व अमित ब्रह्मेश, उप सचिव पद पर सुखदेव सिंह व सूरज कुमार, कोषाध्यक्ष पद पर भुवन चंद्र नौटियाल व सौरभ शर्मा और पुस्तकालयाध्यक्ष पद पर मेहराज खान व सतपाल सिंह बल हैं।
आय-व्यय निरीक्षक पद पर हिमांशु विश्नोई, गौरव रावत और संतोष श्रीवास्तव चुनाव मैदान में है। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अवधेश कुमार चौबे का कहना है कि अधिवक्ताओं की मूलभूत समस्याओं के निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। उम्मीदवार गिरजेश कुमार खुल्बे का कहना है कि अधिवक्ताओं का सामूहिक बीमा कम से कम दस लाख रुपये कराने का प्रयास होगा। प्रत्याशी विरेंद्र कुमार चौहान का कहना है कि नए अधिवक्ताओं को तीन वर्ष तक 1500 रुपये महीना भत्ता दिलाने का प्रयास करेंगे।
दो चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त
काशीपुर। बार एसोसिएशन के चुनाव अधिकारी अंशुमान सिंह ने बताया द्विवार्षिक चुनाव शांतिपूर्वक व निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए उत्तराखंड बार काउंसिल नैनीताल ने दो चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। उन्होंने बताया चुनाव पर्यवेक्षक अनिल पंडित व सुरेंद्र पुंडीर की देखरेख में संपन्न होगा।