कबीना मंत्री डॉ. इंदिरा हृदयेश ने पूर्व सांसद केसी बाबा को चुनाव लड़ने की तैयारी करने को कहा तो कार्यकर्ता भी एकजुट हो गए। बाबा के समर्थन में एकजुट नगर कांग्रेस कमेटी ने बाबा को उम्मीदवार घोषित करते हुए बाकायदा बधाई तक दे डाली। इधर बाबा को बधाई देने के लिए कार्यकर्ताओं में भी होड़ लगी रही।
मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सचिव संदीप सहगल के कार्यालय पर बैठक में नगर अध्यक्ष ब्रहमा सिंह पाल ने कहा कि सोमवार को पूर्व सांसद केसी सिंह बाबा के नेतृत्व में कार्यकर्ता जमीन का सर्किल रेट कम करने सहित कई समस्याओं को लेकर कबीना मंत्री इंदिरा हृदयेश से मिलने उनके आवास हल्द्वानी गए थे।
बाबा ने मांगों का ज्ञापन दिया तो कबीना मंत्री ने बाबा से कहा कि काम तो सभी हो जाएंगे। आप विधानसभा चुनाव में काशीपुर से तैयारी में जुट जाएं। मुख्यमंत्री हरीश रावत और हाईकमान की भी यही मंशा है। बाबा ने कहा कि पार्टी अगर उनको चुनाव लड़ाना ही चाहती है तो वह पार्टी के आदेशों का पालन करेंगे। इस मौके पर आशुतोष टंडन, कैलाश सहगल, चेतन अरोरा, सिद्धार्थ निझावन, अतुल पांडे, अनीश अंसारी, राजा भय्या, सूर्य प्रताप सिंह, संजय शर्मा, अशोक सिंह आदि मौजूद थे।
...तो धरी रह गईं कई नेताओं की मंशा
कांग्रेस संगठन की तरफ से अभी काशीपुर के प्रत्याशी की घोषणा नहीं हुई है। लेकिन कबीना मंत्री डॉ. इंदिरा हृदयेश ने केसी बाबा को तैयारी करने की बात कहकर साफ संकेत दे दिया है कि बाबा ही चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी होंगे। इस खबर से चुनाव की तैयारी में जुटे कई नेताओं में खलबली मची है। एक नेता तो बीते कुछ समय से टिकट मिलने की आस में लोगों से संपर्क बनाए हुए थे। करीब चार से पांच नेता टिकट की आस लगाए बैठे थे। हालांकि उन्हें अभी हाईकमान के फैसले का इंतजार है।