रुद्रपुर। रियल एस्टेट कारोबारी के रुपये हड़पने और उसको अगवा करने का प्रयास करने और मारपीट में पुलिस ने एक नामजद व अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
ओमेक्स सोसायटी रुद्रपुर निवासी विक्रम धारीवाल ने शनिवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका रियल एस्टेट का कारोबार है। जयनगर नंबर चार निवासी गुरमंगत सिंह उर्फ मिंटू ने उससे अपनी जमीन का सौदा किया था। बाद में मिंटू ने अपनी जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी है।
जब उसके घर जाकर बातचीत की तो उसने 95 लाख रुपये वापस देने की बात कही। इस संबंध में पुलिस को तहरीर भी दी गई। अब मिंटू ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया। शुक्रवार को मिंटू दिखा तो उससे पैसे की मांग की। आरोप है कि वह शराब के नशे में था और उसने चंडीपुर परमा साना से रुपये ले देने के लिए कहा। वह मिंटू को चंडीपुर ले गए, जहां उसने बताया कि परमा नहीं है।
यहां जानबूझकर मिंटू ने कार के दरवाजे में अंगुली डालकर गेट बंद करने लगा तो उसे चोट आ गई। उसके नशे में होने के कारण उसे वहीं छोड़कर चला आया।
करीब 10.45 बजे एक काली रंग की स्काॅर्पियो उनकी कार के पीछे आकर रुकी। इसमें से मिंटू तीन-चार आदमियों के साथ उतरा और गालीगलौज करते हुए हाथापाई करने लगा। मुझे जबरदस्ती खींचकर अपनी स्कॉर्पियो में बैठाने का प्रयास करने लगा। शोर सुनकर भाई और अन्य परिजन आ गए।
उनका साथी चिल्लाया मिंटू इसे गोली मार, यह सुनकर मेरे भाई बलजीत सिंह ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायर किए, तब वे आरोपी मुझे छोड़कर भाग गए।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी गुरमंगत सिंह उर्फ मिंटू व अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 127(2), 351(3) व 352 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।