रुद्रपुर में लग रहा अटरिया मेला
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर। ऐतिहासिक, पौराणिक महत्व रखने वाले अटरिया मेले में बुधवार को भीड़ जुटना शुरू हो गई। डोला पहुंचने के बाद पहले दिन सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर अटरिया देवी के दर्शन किये। वहीं लोगों ने मेले में लगे झूले आदि मनोरंजन के साधनों का भी लुत्फ उठाया। मंगलवार दोपहर अटरिया मंदिर में मां अटरिया देवी का डोला पहुंचने के बाद रात को मंदिर में मां भगवती का जागरण हुआ।
इसमें पूरी रात भक्तों ने जगदंबा मां का गुणगान किया। बुधवार सुबह आरती, भोग के साथ जागरण का समापन हुआ। इसके बाद मंदिर परिसर में भंडारा हुआ। डोला पहुंचने के बाद पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर में पहुंचे। वहीं मेले में पहुंचे लोगों ने झूलों का आनंद भी लिया और मेले में लगी दुकानों में खरीदारी की।
हालांकि मेले में अभी पूरी तरह दुकानें नहीं लग पाई हैं। मेला ठेकेदार पुरुषोत्तम अरोरा ने बताया मेले में इस बार 150 दुकानें लगाई जा रही हैं। मेले में विभिन्न प्रकार के झूलों के साथ ही मौत का कुआं, सर्कस, काला जादू, ड्रेगन ट्रेन, कोलंबस नाव, मिक्की माउस, बच्चों की ट्रेन सहित तमाम मनोरंजन के साधन जुटाये गये हैं। मेले में सुरक्षा के लिए पुलिस चौकी भी खोली गई हैं। दमकल कर्मी भी पूरी तरह से मुस्तैद हैं।