सितारगंज। दिल्ली से पुलिस रिमांड पर लाए गए आतंकी जग्गा को दो दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड के बाद सेंट्रल जेल के एकांतवास में सामान्य बंदी की तरह अलग रखा गया है। आतंकी जग्गा पर निगाह रखने के लिए 24 घंटे दो सिपाही व एक लंबरदार की तैनाती की गई है। सोमवार की सुबह तक जेल में रहने के बाद जग्गा को रुद्रपुर की तृतीय अपर जिला सत्र न्यायाधीश की कोर्ट में पेश किया जाएगा। अगले दिन जग्गा दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में तारीख पर भेजा जाएगा।
जेलर सत्यपाल सिंह ने बताया कि पांच अप्रैल को दिल्ली से आतंकी कोपा कृपाली गूलरभोज निवासी जगजीत सिंह उर्फ जग्गा को सेंट्रल लाया गया था। यहां से दो दिन की पुलिस कस्टर्डी रिमांड पर जाने के बाद सात अप्रैल की शाम करीब 5:30 बजे जग्गा को सेंट्रल जेल में लाया गया। जेलर सिंह ने बताया कि आतंकी जग्गा के जेल में आने पर वीडियोग्राफी के बीच उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और फिर उसे सामान्य कैदियों की तरह एकांतवास में रखा गया है। जग्गा के एकांतवास बैरक के सामने आठ-आठ घंटे की दो-दो सिपाहियों और एक-एक लंबरदार की तैनाती की गई है। जो उसकी हर गतिविधि पर पूरी नजर बनाए हुए हैं। इसके अलावा जेलर और डिप्टी जेलर भी औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।
जेलर ने बताया कि सोमवार की सुबह दस अप्रैल को जग्गा को रुद्रपुर की तृतीय अपर जिला सत्र न्यायाधीश कोर्ट में तारीख पर भेजा जाएगा। अगले दिन 11 अप्रैल को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में द्वितीय अपर जिला सत्र न्यायाधीश के समक्ष यूएपीए एक्ट में जारी वारंट पर पेश होगा। इसके बाद 15 अप्रैल को फिर इसी कोर्ट में पेशी होगी और 18 अप्रैल को रुद्रपुर की तृतीय अपर जिला सत्र न्यायाधीश कोर्ट में तारीख पर जाएगा।
एकांतवास में ही दिया जा रहा है भोजन
सितारगंज। सेंट्रल जेल में बंद आतंकी जग्गा की सुरक्षा को लेकर जेल प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। बैरकों के कैदियों से अलग रखने के लिए जग्गा को एकांतवास में रखने के बाद उस पर पूरी निगरानी रखी जा रही है। एकांतवास के शौचालय में ही शौच को भेजा जाता है। जेल की पाकशाला में तैयार सभी कैदियों के भोजन में से ही उसे भी भोजन कराया जा रहा है लेकिन जग्गा के लिए भोजन उसके एकांतवास बैरक में भी दिया जा रहा।