परिवहन विभाग के किराए पर चल रहे एआरटीओ दफ्तर के लिए एस्कार्ट फार्म में जमीन खोज ली गई है। विभाग ने सिडकुल से 1.53 हेक्टेयर जमीन की एनओसी के लिए पत्र भेजा है। सिडकुल की एनओसी मिलने के बाद जमीन का रास्ता साफ हो जाएगा।
दरअसल कुंडेश्वरी रोड में एआरटीओ दफ्तर किराए के भवन में चल रहा है। समुचित जगह नहीं होने से विभागीय कर्मियों को कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। फिटनेश या अन्य कार्यों के लिए आए वाहन कुंडेश्वरी रोड के दोनों किनारों पर खड़े रहते हैं। पर्याप्त जगह नहीं होने से सीज वाहन खड़े नहीं हो पाते हैं। इसके अलावा किराए के भवन की हालत भी दयनीय है।
कमरों में दरारें पड़ गई हैं। कमरों में कई जगहों पर सीलन आ रही हैं। एआरटीओ के कक्ष के सामने ही छत से पानी टपकता है। एक कमरे में तो दरारें होने से बिजली की लाइन भी उखड़ गई है। एआरटीओ प्रशासन अनीता चंद ने बताया कि भवनों में हो रही दिक्कतों को ठीक करने के लिए मकान मालिक को कहा जाएगा। किराए के भवन में दिक्कतें होना स्वाभाविक है।
एआरटीओ दफ्तर के लिए एस्कार्ट फार्म में 1.53 हेक्टेयर जमीन देखी गई है। चूंकि ये जमीन सिडकुल के अधीन है, इसलिए मुख्यालय से सिडकुल को पत्र भेजकर एनओसी मांगी गई है। जमीन मिली तो उसमें दफ्तर बनने के साथ ही आटोमैटिक मोटर ड्राइविंग ट्रैक भी बनाया जाएगा। फिलहाल जमीन के संबंध में सारी कार्रवाई मुख्यालय स्तर से ही हो रही है।