दिनेशपुर। मदनापुर गांव निवासी प्रेम सिंह खड़ायत हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी हर्ष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्याकांड मे प्रयुक्त हर्ष की बाइक को भी बरामद कर लिया है।
मंगलवार की दोपहर बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। हत्या में शामिल एक आरोपी को पुलिस पूर्व में ही जेल भेज चुकी है। जबकि इस मामले में साक्ष्य छिपाने के दो अन्य आरोप अभी फरार हैं। गांव मदनापुर निवासी इंद्रा देवी ने छह जून को थाने में तहरीर देकर अपने 23 वर्षीय बेटे प्रेम सिंह खड़ायत की गुमशुदगी दर्ज कराते हुए बेटे की हत्या की आशंका जताई थी। घटना के खुलासे मे लगी पुलिस टीम ने प्रेम सिंह के दोस्त सूरजपुर गदरपुर निवासी जंग बहादुर को हिरासत मे लेकर पूछताछ की तो हत्याकांड का खुलासा हो गया। पुलिस ने जंग बहादुर की निशानदेही पर उसके घर के पास से एक गड्ढे से प्रेम सिंह का शव बरामद किया था। हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी हर्ष चौधरी व उसके पिता जितेंद्र चौधरी निवासी चक्कीमोड़ फरार चल रहे थे। थानाध्यक्ष अनिल कुमार उपाध्याय ने बताया मंगलवार को मुख्य आरोपी हर्ष को रामबाग क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। उसका पिता जितेंद्र चौधरी व जंग बहादुर का भाई छोटू अभी फरार हैं। पुलिस ने हर्ष चौधरी की निशानदेही पर हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए गड्ढा खोदने मे प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया है। हर्ष ने पुलिस को बताया कि प्रेम उनका दोस्त था, दोनों साथ बैठकर शराब पीते थे। उसने पुलिस को बताया कि शराब पीने के बाद प्रेम उग्र हो जाता था और अक्सर उसकी पिटाई करता था। इससे गुस्सा होकर उसने प्रेम को ठिकाने लगाने की ठान ली और जंगबहादुर के साथ मिलकर प्रेम की हत्या कर दी।