काशीपुर में बदहाल बना राष्ट्रीय राजमार्ग
- फोटो : अमर उजाला
शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कई सड़कों में जगह-जगह पर गड्ढे बने हुए हैं। बदहाली के चलते इनमें वाहनों से तो दूर पैदल चलने में भी दिक्कतें आ रही हैं। इन दिनों इन गडढों में पानी भरने से सड़कों पर चलना जोखिम भरा बना हुआ है। दोपहिया वाहन सवार इनमें गिरने से चोटिल हो रहे हैं। सड़कों की दशा सुधारने के लिए संबंधित विभागों की ओर से कोई प्रयास नहीं की जा रहे हैं।
एनएच 74 शहर के बीच से होकर गुजरता है। इस मार्ग में ढेला पुल से लेकर लोक निर्माण विभाग के कार्यालय तक, टांडा तिराहे से एमपी चौक तक, एमपी चौक से चैती तिराहे तक जगह-जगह पर गड्ढे बने हुए हैं। एफसीआई गोदाम के सामने तो करीब डेढ़ सौ मीटर तक सड़क में गड्ढों में तब्दील है। जिसमें दोपहिया वाहनों के गिरने से कई लोग चोटिल हो चुके हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग मरम्मत के नाम पर गड्ढों में मिट्टी और बजरी का भरान कर देती है। लेकिन बारिश होने पर मिट्टी, बजरी बह जाती है।
सड़क की हालत फिर बदहाल हो जाती है।राष्ट्रीय राजमार्ग के अलावा शहर में स्टेडियम शमशान घाट बाईपास रोड में भारी वाहनों की आवाजाही से उबड़ खाबड़ बनी है। गिरीताल रोड में सीमेंट का खड़ंजा पूरी तरह से उखड़ा हुआ है। इस मार्ग में एक माह पहले गड्ढे में बाइक फंसने के कारण हुए हादसे में एक युवक की मौत भी हो चुकी है। चौमा चौराहा-नागनाथ मंदिर माता मंदिर सड़क के खड़ंजे उखड़े हुए हैं। पंत पार्क, आर्य नगर मार्ग, थाना साबिक, अल्ली खां मार्ग, नई सब्जी मंडी, महेश पुरा मार्ग भी टूटे हुए हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग गड्ढों को भरने का काम शुरु हो गया है। गड्ढे भरने के बाद डामरीकरण किया जाएगा। एफसीआई गोदाम के पास में स्थित पेपर मिल के पानी से नाली बंद हो जाती है। पानी सड़क पर जमा होने से स्थिति खराब हो जाती है।
-पीसी जोशी एसडीओ राष्ट्रीय राजमार्ग 74