रुद्रपुर। उत्तराखंड सीड्स एंड तराई डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड की 248वीं निदेशक मंडल की बैठक में प्रबंध निदेशक डीएम उदयराज सिंह ने पंतनगर के विस्तारीकरण के कारण टीडीसी के नए मुख्यालय भवन निर्माण की आवश्यकता जताई। इस पर इस नये मुख्यालय भवन निर्माण की स्वीकृति दे दी गई।
देहरादून में टीडीसी अध्यक्ष अपर मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में बैठक में शामिल होकर लौटे प्रबंध निदेशक डीएम उदयराज ने बताया कि आगामी रबी 2024-25 सत्र के लिए फुटकर विक्रय दरों, आगामी सत्रों के लिए विपणन रणनीति, आगामी रबी 2024-25 बीज उत्पादन कार्यक्रम, हल्दी स्थित परिसर के ध्वस्तीकरण, बैलेंस शीट तथा कार्मिकों के हित में अन्य विभागों में समायोजन आदि बिंदुओं पर चर्चा के बाद निर्णय लिए गए। निगम के व्यवसाय में वृद्धि करने के लिए विभिन्न संभावित विकल्पों पर चर्चा की गई।
प्रदेश के अलावा बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ आदि राज्यों में सरकारी संस्थाओं के जरिये गेहूं प्रमाणित बीज विक्रय किया जाता है। विपणन की मांग के दृष्टिगत बीज उत्पादन के लिए राज्य की अन्य बीज उत्पादक संस्थाओं से समन्वय बनाया जा सकता है। वहां कृषि निदेशक डाॅ. अभय सक्सेना, मुख्य कृषि अधिकारी, कृषक निदेशक अंकुर पपनेजा, हरमन्दर सिंह सिद्धू, हरभजन सिंह, प्रीत कुमार, वित्त नियंत्रक टीडीसी डॉ. पंकज कुमार शुक्ल आदि थे। संवाद