रुद्रपुर। जिले की मातृ शिशु परिवार कल्याण कर्मियों ने गढ़वाल मंडल की तर्ज पर कुमाऊं की सहायक नर्स मिडवाइफरी (एएनएम) को लेडी हेल्थ विजिटर (एलएचवी) के पद पर पदोन्नति देने की मांग की है।
कर्मियों ने स्वास्थ्य महानिदेशक को भेजे ज्ञापन में कहा है कि कुमाऊं की एएनएम की पदोन्नति वर्ष 2022 से नहीं हुई है। जिले में एलएचवी के 80 प्रतिशत पद रिक्त हैं। इन रिक्त पदों का अतिरिक्त कार्य भी एएनएम ही कर रही हैं। कहा कि बीते वर्ष से दो बार पदोन्नति के लिए सहमति पत्र भरकर भेजे जा चुके हैं, लेकिन अभी तक कुमाऊं से किसी भी एएनएम को पदोन्नति के लिए होने वाले प्रशिक्षण के लिए नहीं बुलाया गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि समाचार पत्रों के माध्यम से पता चला है कि फरवरी में गढ़वाल की कुछ एएनएम को एलएचवी प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया था। उन्होंने कहा कुमाऊं की एएनएम को भी एलएचवी प्रशिक्षण के लिए बुलाया जाना चाहिए। ज्ञापन भेजने वालों में दीपा जोशी, शशिकला, दलजीत कौर, इंद्रा धामी, गंगा धामी, रोजलीन आदि शामिल हैं।