रुद्रपुर। रंपुरा में रंजिश को लेकर दबंग असलहे लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के घर में घुस गए। आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपी फायरिंग करते हुए फरार हो गए। कार्यकर्ता ने मारपीट में घायल बेटी का मेडिकल कराने के बाद कोतवाली में तहरीर दी है।
वार्ड नंबर आठ रंपुरा निवासी लक्ष्मी देवी ने बताया कि वह क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है। तीन दिन पहले उन्होंने अपनी बेटी का विवाह किया था। रविवार को उनका बेटा घर से बाहर गया था। वह अपने एक 10 साल के बेटे और बेटी प्रियंका के साथ मौजूद थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले दबंग किस्म के लोग उससे रंजिश रखते हैं। रविवार को पांच-छह लोग उनके घर में जबरन हथियार लेकर घुस आए। इन्होंने पहले मुझसे और बेटे से मारपीट की। इसके बाद बीचबचाव को आई बेटी को घायल कर हाथ तोड़ दिया। मारपीट के बाद ये लोग फायरिंग कर फरार हो गए। इधर, सीओ अमित कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। जांच के बाद आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।