काशीपुर। तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार वृद्धा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि बाइक चालक व एक बच्ची गंभीर घायल हो गए। घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कुंडेश्वरी निवासी रविंद्र सिंह (48) पुत्र ब्रह्मपाल गदरपुर में ऊर्जा विभाग में कार्यरत हैं। शनिवार शाम को वह अपनी मां जगरोशनी देवी (65), बेटी गार्गी (10) व बेटे लक्ष्य (13) के साथ बाइक से गदरपुर से कुंडेश्वरी स्थित अपने घर आ रहे थे। बाजपुर रोड स्थित जैतपुर मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगने से बाइक सवार जगरोशनी देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि रविंद्र सिंह व गार्गी गंभीर घायल हो गए।
सूचना पर आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। बाइक सवार लक्ष्य (13) सकुशल बच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश कर रही है। इधर, सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।