बाजपुर। गांव धूरिया में 60 वर्षीय बुजुर्ग की एक सप्ताह पहले हाइड्रोफोबिया से मौत हो गई थी। मामला संज्ञान में आने पर बृहस्पतिवार को चिकित्सकों की टीम ने मृतक के परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान परिवार के 15 लोगों को टिटनेस के इंजेक्शन लगाए गए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह लोग मृतक के संपर्क में थे जिन्हें दो दिन के अंदर एंटी रैबीज के इंजेक्शन लगाए जाएंगे। उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार अगस्त महीने में गांव धूरिया निवासी रामचंदर (60) को गांव के एक कुत्ते ने काटा था। तबीयत बिगड़ने पर एक नवंबर को उन्हें अस्पताल भर्ती कराया गया था लेकिन हाइड्रोफोबिया के चलते उनकी मौत हो गई थी। इसके चलते ग्रामीणों में दहशत है।
सीएमएस डॉ. पीडी गुप्ता ने बताया कि प्रधान उर्मिला पंत और सामाजिक कार्यकर्ता अशोक पंत की शिकायत पर बृहस्पतिवार को डॉ. महेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में गांव धूरिया में मृतक के घर पर टीम भेजी गई। डॉ. जायसवाल ने बताया कि मृतक के परिजनों और संपर्क में आने वाले ग्रामीणों का परीक्षण करने पर उनमें रैबीज का कोई लक्षण नहीं मिला है। फिर भी एहतियातन 15 लोगों को टिटनेस के इंजेक्शन लगाए हैं। स्वास्थ्य विभाग को अवगत कराया गया है। एहतियात तौर पर दो दिन के अंदर एंटी रैबीज उपलब्ध होने पर इन्हें इंजेक्शन लगाया जाएगा।