रुद्रपुर। नगर के ट्रांजिट कैंप में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 11 फीट ऊंची प्रतिमा लगेगी। मेयर विकास शर्मा ने प्रतिमा स्थापित करने के लिए विधिवत शिलान्यास कर दिया है।
शनिवार को ट्रांजिट कैंप में शिलान्यास करते हुए मेयर शर्मा ने कहा कि नेताजी की प्रतिमा की स्थापना केवल एक निर्माण कार्य नहीं बल्कि बंगाली समाज और प्रत्येक राष्ट्रभक्त की भावनाओं का सम्मान है। उन्होंने कहा कि बंगाली समाज लंबे समय से नेताजी की प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठा रहा था। नगर निगम की बोर्ड बैठक में इसका प्रस्ताव पास करने के बाद प्रतिमा स्थापित करने का कार्य तेजी से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ट्रांजिट कैंप 1.69 करोड़ की लागत से बनने वाले रजत जयंती पार्क के लिए टेंडर हो गए हैं। पार्क में ओपन जिम, योग स्थल, बच्चों का मनोरंजन क्षेत्र और बुजुर्गों के लिए विश्राम स्थल व कैफे की सुविधा होगी। बंगाली संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए बंग भवन का निर्माण किया जाना है। इसके लिए भूमि का चयन कर लिया है।
इस मौके पर बंगाली कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष दलीप अधिकारी, दर्जाधारी उत्तम दत्ता, भाजपा जिला महामंत्री तरुण दत्ता, पार्षद शुभम दास, अशोक विश्वास, शंकर चक्रवर्ती, प्रभास स्वर्णकार, मानवेंद्र राय आदि मौजूद थे।