सिरसा मार्ग के काट छांट के खिलाफ चलाए जा रहे आंदोलन के दो हफ्ते बीतने के बावजूद कोई हल नहीं निकलने से क्षुब्ध लोगों ने भारी बरसात के बावजूद धरने पर बैठकर आक्रोश जताया। संघर्ष समिति ने कहा कि 5 अगस्त तक सड़क का शासनादेश जारी नहीं होने पर 6 को जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। धरने के दौरान शहदौरा अलीनगर के लोगों ने शहदौरा में इंटर कालेज बनवाने की मांग को भी पुरजोर तरीके से उठाया।
सिरसा मार्ग के मूल डीपीआर में बदलाव कर सड़क की कांट छांट व काजवे में कटौती के खिलाफ व्यापार मंडल व सिरसा सिडकुल मार्ग संघर्ष समिति के तत्वाधान में 15 जुलाई से क्षेत्रवासी क्रमिक अनशन कर रहे हैं। दो हफ्ते से ज्यादा समय बीतने के बावजूद शासन प्रशासन की ओर से इसका समाधान नहीं किया गया है। जिससे लोगों में सिस्टम के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
रविवार को अनशन के 17वें दिन भारी बरसात के बावजूद भाजपा नेता सौरभ बहुगुणा एवं शहदौरा-अलीनगर फिरोजपुर के एक सौ लोगों ने क्रमिक अनशन पर बैठ कर अपने इरादे जाहिर किए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की मांग की अनदेखी कर शासन उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष राधाकृष्ण अग्रवाल ने कहा कि 5 अगस्त तक सड़क निर्माण का शासनादेश जारी नहीं होंने पर 6 अगस्त को भारी संख्या में लोगों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस मौके पर ताहिर खान, खुर्शीद खान, रियासुद्दीन खान, वली शेर, अहमद हुसैन, अनवार खां, नजीर अहमद, शफीक अहमद, रईस अहमद, छोटे शाह, वीरपाल, अकील, श्यामवीर आदि थे।