नेपाल सीमा पर मेलाघाट के ग्रामीणों और एसएसबी के जवानों में नोकझोंक हो गई। मेलाघाट के व्यापारियों का आरोप था कि एसएसबी मेलाघाट बाजार से खरीदारी कर नेपाल जाने वाले लोगों को परेशान करती है, जिससे उनका व्यापार चौपट हो गया है।
एसएसबी के जवानों और ग्रामीणों के बीच बढ़ते तनाव पर एसएसबी के सेकेंड इन कमांड एलपी उपाध्याय ने ग्रामीणों के साथ बैठक की।
नेपाल की एक महिला मोलाघाट बाजार से खरीदारी कर रविवार की सुबह दस बजे नेपाल जा रही थी। जगबुढ़ा के किनारे बने नाके पर सामान की चेकिंग के दौरान जवानों का महिला से विवाद हो गया। महिला वहां से लौट कर मेलाघाट आई वहां से लोगों को एकत्रित कर नाके पर खड़े जवानों के पास पहुंची।
ग्रामीणों ने जवानों पर घरेलू समान के लिए भी लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया। इस पर जवानों और ग्रामीणों के बीच जमकर नोकझोंक हो गई।
सोमवार को विधायक पुष्कर सिंह धामी ने भी घटना की जानकारी ग्रामीणों व व्यापारियों से ली। इस बीच सेकेंड इन कमांडेंट उपाध्याय, असिस्टेंट कमांडेंट सुमन सौरभ ने एसएसबी चौकी सुंदर नगर में मेलाघाट अंबेडकर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों व ग्रामीणों को कैंप में बुलाकर बैठक ली।
जिसमें विधायक धामी, जिला पंचायत सदस्य के पति कन्हैया, व्यापार मंडल अध्यक्ष दयाशंकर आदि थे। व्यापारियों ने एसएसबी के समक्ष नेपाल से खरीददारी करने आने वाले उपभोक्ताओं के साथ नरमी बरतने को कहा।
कमांडेंट उपाध्याय ने कहा कि घरेलू सामान को लेकर जाने के लिए कोई रोकटोक नहीं है, लेकिन यदि कोई जरूरत से अधिक सामान लेकर जाएगा तो उसपर कार्रवाई की जाएगी।