पुलिस चौकी से मात्र 100 मीटर दूर हाइवे पर स्थित अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक की सीढ़ियों की दीवार में चोरों ने नकब लगाकर चोरी का प्रयास किया। हालांकि चोर अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके। शाखा प्रबंधक ने चौकी में तहरीर दे दी है। पुलिस ने मौका मुआयना कर पड़ताल शुरू कर दी है।
सोमवार की सुबह कर्मचारी देवेंद्र बिष्ट बैंक खोलने गया तो चैनल का ताला टूटा था और दीवार में नकब लगा मिला। इस पर उसने तत्काल शाखा प्रबंधक ललित मोहन पंत और अन्य कर्मचारियों को सूचित किया। सूचना पर चौकी इंचार्ज अजेंद्र प्रसाद सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
ब्रांच मैनेजर ललित मोहन पंत ने बताया कि बैंक से कोई सामान चोरी नहीं हुआ। हो सकता है कि किसी की आहट पर चोरी फरार हो गए हैं। सालभर में दो बार बैंक के जनरेट से चार बैटरी चोरी हो चुकी है। पिछले माह बैंक के पड़ोस में एक कबाड़ की दुकान में भी नकब लगाकर चोरी हुई थी। सीओ राजीव मोहन ने कहा कि मामले का जल्द खुलासा करेंगे।