जसपुर। सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक के जसपुर विधायक आदेश चौहान पर धमकाने के आरोप के बाद अब विधायक ने भी उन पर एक मृत व्यक्ति का मेडिकल प्रमाणपत्र बनाने का आरोप लगाया है। विधायक ने सीएमओ को पत्र भेजकर मामले की जांच करने की मांग की है।
शनिवार को चौहान ने प्रेस वार्ता में बताया कि सात नवंबर 2016 को ग्राम मंडुवाखेड़ा निवासी सुरेश कश्यप पुत्र गोपाल सिंह की अज्ञात कारणों से मौत हो गई थी। सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हितेश शर्मा ने बिना जांच के सुरेश की मृत्यु के तीन साल बाद पांच जनवरी 2019 से लेकर आठ जनवरी तक उसका मेडिकल और फिटनेस प्रमाण पत्र बना दिया। आरोप है कि इसके एवज में उन्होंने दो हजार रुपये लिए। कहा कि पिछले साल एक शिकायत कर्ता ने साक्ष्यों के साथ इसकी शिकायत स्वास्थ्य सचिव को की थी लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। यह भी आरोप लगाया कि बिना नीलामी सूचना प्रकाशित किए अस्पताल का स्क्रैप बेचकर लाखों का घोटाला भी किया गया है। इधर, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हितेश शर्मा ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि स्क्रैप बेचने से पहले फार्मेसिस्टों की कमेटी बनाई गई थी। कोई व्यक्ति उनके पास सुरेश बनकर आया था जिसका प्रमाण पत्र दिया गया है। वह अपने स्तर से मामले की जांच कर रहे है। इधर, सीएमओ देवेंद्र पंचपाल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। विधायक ने कोई शिकायती पत्र भेजा है तो उसके आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।