रुद्रपुर। नए शिक्षा सत्र की शुरूआत पहली अप्रैल से हो रही है। इससे पहले सीडीओ ने निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों व प्रबंधकों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि निर्धन छात्रों को मानकों के अनुसार प्रवेश दिया जाए। उन्होंने यह भी हिदायत दी कि कोई भी स्कूल बार-बार ड्रेस बदलने का दबाव न बनाए।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट परिसर के जिला सभागार में हुई बैठक में सीडीओ दिवेश शासनी ने आरटीई के तहत होने वाले प्रवेश व विद्यालयों की मान्यता और नवीनीकरण पर चर्चा की। उन्हाेंने निजी स्कूल संचालकों को निर्देश दिए कि प्रवेश शुल्क और शिक्षण शुल्क के मानकों का पालन करें। छात्रों की ड्रेस में बार-बार बदलाव न किया जाए। स्कूल वाहन व्यवस्था व सुरक्षा मानकों का पालन करें। किताब बैंक की स्थापना एनसीपीसीआर व एससीपीसीआर के निर्देश के अनुसार किया जाए। एडीएम पंकज उपाध्याय ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए कि वह स्कूल वाहनों पर नजर रखें और एंटी ड्रग्स के बारे में जागरूक करें।
एआरटीओ मोहित कोठारी ने छात्र-छात्राओं को लाने-ले जाने वाले स्कूली वाहनों में सुरक्षा के सभी मानक पूरे करने को कहा। कहा कि स्कूली वाहनों में महिला कंडक्टर की नियुक्ति अनिवार्य रूप से की जाए। प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा ने छात्रों के साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न न करने व सुरक्षा के सभी मानकों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में बीईओ सावेद आलम, डीके साहू, हरिवाब निरंजन, सतेंद्र यादव, हिमांशु कुमार चौहान समेत स्कूलों के प्रधानाचार्य व प्रबंधक मौजूद रहे।