औद्योगिक विकास के लिए आयोजित प्रदर्शनी का दूसरे दिन वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने उद्घाटन किया और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यह प्रदर्शनी केजीसीसीआईए सिडकुल इंटरप्रिन्योर वेलफेयर सोसाइटी एनएसआईटी और द्रोणाचार्य इवेंट के संयुक्त प्रयास से आयोजित की जा रही है। वित्त मंत्री ने कहा देश और प्रदेश के आर्थिक विकास में उद्योगों का अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक प्रदेश के शत प्रतिशत व्यापारियों का जीएसटी में पंजीकरण करा लिया जाएगा।
इस अवसर पर जीएसटी सेमिनार भी आयोजित किया गया। वित्त मंत्री ने कहा जीएसटी आर्थिक आजादी का एक कदम है। उन्होंने कहा उद्योगपतियों को इसमे कोई परेशानी नहीं होगी यह एक सरल प्रक्रिया है। टैक्स उपभोक्ता से लिया जा रहा है। एक ही टैक्स लगने से उपभोक्ता को भी पहले से कम दाम में सामान मिला करेगा। उन्होंने कहा अभी तक 85 प्रतिशत व्यवसायियों ने अपना पंजीकरण करा लिया है।
जीएसटी की जानकारी देने के लिए 350 से अधिक कार्यशालाओं का आयोजन किया जा चुका है। राज्य सरकार हर वर्ग के व्यापारी के साथ बैठकें कर रही है। उन्होंने कहा 15 अगस्त तक सभी व्यापारियों का पंजीकरण करा लिया जायेगा ताकि हम बेहतर तरीके से इस व्यवस्था को चला सके। उन्होने कहा पहले 17 तरह के टैक्स लगाये जाते थे अब उपभोक्ता को एक ही तरह का टैक्स देना होगा।
उन्होंने कहा जिस वस्तु को जिस स्लैब में रखा गया है, उसी के अनुसार व्यापारी से टैक्स लिया जायेगा। इसमे किसी प्रकार की छूट नहीं दी जायेगी। उन्होने कहा जो व्यापारी राज्य से बाहर व्यापार करता है, उसे पंजीकरण अवश्य कराना होगा। सारी व्यवस्था ऑनलाइन की गई है। इसकी जानकारी देने के लिए यूट्यूब में भी विडियो अपलोड की गई है। उन्होंने कहा व्यापारियों के सहयोग के लिए जीएसटी मित्र बनाये गये हैं। उन्होंने कहा पंजीकृत व्यापारियों को माह में एक बार ऑनलाइन रिटर्न भरना होगा। व्यापारी स्वमूल्यांकन के आधार पर टैक्स जमा करायेंगे। वहां पर केजीसीसीआई के रमेश मिड्डा, अशोक बंसल, सुशांत यादव, नेस्ले इंडिया के प्लांट हेड संतलाल गिरधर, फैक्ट्री कंट्रोलर रॉकी अग्रवाल आदि थे।
सिडकुल के उद्यमियों ने किया मंत्री का स्वागत
सेमिनार के दौरान सिडकुल के उद्यमियों ने वित्त मंत्री प्रकाश पंत का भव्य स्वागत किया। नेस्ले इंडिया लिमिटेड के प्लांट हेड संतलाल गिरधर, फैक्ट्री कंट्रोलर, रोहित चौधरी, शिरडी इंडस्ट्रीज के प्लांट हेड अजय तिवारी सहित तमाम फैक्ट्रियों के प्रबंधन ने मंत्री को बुके और स्मृति चिन्ह भेजकर उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।