काशीपुर। दीपावली के मद्देनजर उल्लू के शिकार के मद्देनजर वन विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। यूपी बॉर्डर से लगे जंगलों में गश्त और शिकारियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में यूपी बॉर्डर पर संघन चेकिंग अभियान चलाया गया है। चेकिंग के दौरान लकड़ी तस्करों के अलावा शिकारियों पर नजर रहेगी।
संरक्षित श्रेणी में आने वाले उल्लू की जान दीपावली के दौरान सांसत में रहती है। अंधविश्वास के चलते इस दौरान उल्लुओं का शिकार किया जाता है। इस लिहाज से काशीपुर, रामनगर, काशीपुर, कोटद्वार, हरिद्वार जैसे क्षेत्र अधिक संवेदनशील हैं। इस दौरान शिकारियों के सक्रिय होने की आशंका भी रहती है। एसडीओ जसपुर संदीप गिरी ने बताया कि दिवाली पर उल्लू के शिकार की आशंका रहती है। ऐसे में अलर्ट जारी किया गया है। यूपी बॉर्डर से लगे जंगलों पर कड़ी चौकसी रखी जा रही है।
ऐसे में कुंडेश्वरी, दोराहा, कुंडा और मालधन क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया। एसडीओ ने बताया कि चेकिंग के दौरान टीम लकड़ी तस्करों और शिकारियों पर नजर रख रही है। संदिग्ध दिखने वाले लोगों से पूछताछ की गई। यूपी बॉर्डर पर विशेष रूप से गश्त अभियान चलाया गया ताकि उत्तराखंड के अंदर शिकारियों की दस्तक ना हो सके और आगे भी गश्त जारी रहेगी।