अमर उजाला ब्यूरो
काशीपुर। दीपावली से पहले प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी आंकड़ों में प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक नहीं है। यूएसनगर की हवा पिछले साल की अपेक्षा स्वस्थ है और इस बार एक्यूआई 100 के अंदर है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड लगातार इस पर नजर बनाए हुए है।
दीपावली के दौरान हर साल जिले में हवा की गुणवत्ता खराब होने लगती है। एक्यूआई सौ के पार पहुंचकर खतरे की घंटी बजाने लगता है। दीपावली से पहले अभी तक के आंकड़े राहत भरे हैं। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) संतोषजनक और मध्यम की स्थिति में है। सांस के रोगियों को खुले में घूमने से परेशानी नहीं होगी।
पिछले साल दीपावली के एक सप्ताह पूर्व एक्यूआई सौ के पार हो गया था। इसी चलते ही प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड दीपावली के एक सप्ताह पूर्व से ही हवा की गुणवत्ता पर पड़ने वाले असर पर नजर बनाए हुए है। इसके लिए 24 घंटे थर्ड पार्टी निगरानी की जा रही है। दीपावली के एक सप्ताह बाद तक हवा की निगरानी की जाएगी। 13, 14 और 15 अक्तूबर के जारी आंकड़े के अनुसार पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार हवा कम दूषित है।
कोट:
लगातार हवा प्रदूषण की निगरानी की जा रही है। पिछले साल की अपेक्षा अभी तक स्थिति संतोषजनक है। दीपावली से एक दिन पूर्व ध्वनि प्रदूषण की भी निगरानी की जाएगी। - एसपी सिंह, क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड