रुद्रपुर। व्यावसायिक वाहनों के संचालकों ने परिवहन विभाग के कर के करोड़ों रुपये दबा रखे हैं। वाहन संचालक समय पर कर जमा नहीं कर रहे हैं। बकाया कर वसूली में विभाग के पसीने छूट रहे हैं।
सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार उप संभाग का वर्तमान में 21,231 वाहनों पर 71.51 करोड़ कर बकाया है। कर जमा न करने वाले वाहनों में बस, डंपर, ट्रक, हल्के भार वाहन, टैंपो, ई-रिक्शा शामिल हैं। कई वाहनों पर तो वर्ष 2012 से कर बकाया है।
वर्ष 2025 में व्यावसायिक वाहनों पर विभाग का 64.10 करोड़ रुपया बकाया था। गत वित्तीय वर्ष में विभाग ने 16.15 करोड़ रुपया बकाया कर वसूला। इसमें करीब आठ करोड़ रुपया पुराने वाहनों का बकाया कर था। वर्तमान में कर और जुर्माना लगाकर 71.51 करोड़ रुपया बकाया है। संवाद
4313 वाहन स्वामियों को नोटिस, 418 की आरसी कटी
परिवहन विभाग ने कई वर्ष से वाहनों का कर जमा न करने वाले 4313 वाहन स्वामियों को नोटिस जारी किए हैं। बार-बार नोटिस जारी करने के बाद भी अवशेष कर जमा न करने वाले 418 वाहन स्वामियों को वसूली प्रमाणपत्र (आरसी) जारी की गई है।
कोट -
व्यावसायिक वाहनों के बकाया कर की वसूली के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रवर्तन दलों के माध्यम से वाहनों को चिह्नित करने के साथ ही आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में भी बकाया कर की प्राथमिकता से वसूली की जाएगी। - मोहित कोठारी, एआरटीओ (प्रशासन) रुद्रपुर