रुद्रपुर। किसानों को समय से धान का भुगतान न करने की शिकायत पर खाद्य मंत्री रेखा आर्या की ओर से निरस्त किए गए नेफेड के 14 धान क्रय केंद्रों का संचालन करने से खाद्य विभाग ने हाथ खड़े कर दिए हैं। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से सात धान क्रय केंद्रों को उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ (यूसीएफ) और सात केंद्रों को पीसीयू को सौंप दिया गया है।
बीते दिनों जिला धान खरीद अधिकारी जय भारत सिंह ने नेफेड के निरस्त हुए धान क्रय केंद्रों का संचालन करने के लिए खाद्य नियंत्रक को पत्र लिखा था। वर्तमान में खाद्य विभाग की ओर से जिले में 25 धान क्रय केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। आरएफसी खाद्य नियंत्रक बीएस चलाल ने बताया कि खाद्य विभाग की ओर से मैनपावर की कमी का हवाला देते हुए क्रय केंद्र संचालित करने से मना कर दिया गया। उसके बाद जिला प्रशासन की ओर से यूसीएफ व पीसीयू को क्रय केंद्र संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बता दें कि धान खरीद सत्र 2022-23 में किसानों का धान खरीदने के लिए जिले में 200 धान क्रय केंद्र खोले गए हैं। इसमें उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ (यूसीएफ) के 138 धान क्रय केंद्र थे जो अब 145 हो गए हैं। पीसीयू के 20 केंद्र थे जो अब 27 केंद्र हो चुके हैं। इसके साथ ही एनसीसीएफ के तीन केंद्र बनाए गए हैं।