काशीपुर रोड स्थित नाले के स्वरूप से छेड़छाड़ की जनहित याचिका के बाद हाईकोर्ट के आदेश पर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया। डीएम डा. पंकज कुमार पांडेय के आदेश पर एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने वस्तुस्थिति का जायजा लेते हुए प्लाट नंबर 255, 258, 266, 267 की जांच की। जांच देर रात तक चलेगी।
एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला ने बताया कि राणा प्रताप बहादुर सिंह ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। जिसमें उन्होंने कहा था कि काशीपुर रोड स्थित पाम सिटी के पास से बहने वाले नाले के स्वरूप से छेड़छाड़ की जा रही है। उसका पुराना स्वरूप बिगाड़ दिया गया है।
इस पर हाईकोर्ट ने जिला प्रशासन को नाले की वस्तुस्थिति से अवगत कराने की रिपोर्ट मांगी थी। मंगलवार को एसडीएम अनिल कुमार यादव के नेतृत्व में जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और अभिलेखों की जांच की। इस दौरान टीम ने प्लाट नंबर 255, 258, 266, 267 की जांच की।
मौके पर पहुंची टीम ने सिंचाई विभाग के अभिलेख के साथ ही पाम सिटी के अधिकारियों से भी अभिलेख देखे। उनका कहना था कि नाले के स्वरूप से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं की गई है।
वह अपने पुराने स्वरूप में ही है। यही नहीं मौके पर राजस्व निरीक्षक ने खसरे का मिलान भी किया। एसडीएम यादव ने बताया कि फिलहाल जांच की जा रही है। जो देर रात तक चलेगी।