गदरपुर। जिला पंचायत और राजस्व विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को पुलिस बल की मौजूदगी में कूड़ा संग्रह केंद्र की भूमि से अतिक्रमण हटवा दिया। टीम ने अतिक्रमणकर्ता को भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति होने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। ग्राम सरोवर नगर में कुछ वर्ष पूर्व जल निगम ने कूड़ा संग्रह केंद्र का निर्माण कराया था। जिला पंचायत की देखरेख में केंद्र पर गदरपुर विकास खंड की ग्राम पंचायतों से लाकर डाले जाने वाले गीले और सूखे कूड़े को पृथक किया जाता था। केंद्र की भूमि पर स्थानीय निवासी एक व्यक्ति ने जानवरों को खिलाने के लिए चारा बो दिया और ईंटें आदि रखकर अतिक्रमण कर लिया। बृहस्पतिवार को जिला पंचायत के कार्य अधिकारी हरिमोहन, नायब तहसीलदार देवेंद्र सिंह बिष्ट एवं एसआई नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। हरिमोहन ने बताया कि कूड़ा संग्रह केंद्र के लिए राजस्व विभाग ने भूमि उपलब्ध कराई थी, जो अभिलेखों में वर्ग पांच में दर्ज है। अतिक्रमणकारी को तलब कर बोए गए चारे को तत्काल कटवाने के निर्देश देते हुए ईंटों के ढेर को हटवाकर भूमि को मुक्त करा लिया गया है। इस दौरान राजस्व निरीक्षक मंगत राम कंबोज, एई मोहन सिंह बिष्ट, रोहित भट्ट, मनीष सहगल, लेखपाल नरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।