वॉलीबाल खेलकर घर लौट रहे दो पुलिस कर्मियों समेत पांच युवकों के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। मारपीट में पांचों युवक घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। चिकित्साधिकारी ने दो युवकों की गंभीर स्थिति को देख उन्हें हल्द्वानी एसटीएच के लिए रेफर कर दिया।
बुधवार शाम करीब सात बजे गगनपुर एवं बरुआबाग गांव के पांच युवक एंजनिया गांव से वॉलीबाल खेलकर घर लौट रहे थे। रास्ते में सिसईखेड़ा चौराहे पर उनकी कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष के लोगों ने युवकों पर लाठी डंडों से हमला बोल दिया। इससे छुट्टी पर घर आए उत्तराखंड पुलिस के हल्द्वानी में तैनात जवान बरुआबाग निवासी अनीस राणा, गगनपुर निवासी जगविंदर राणा, उसका भाई विजेंद्र राणा के अलावा अनिल राणा, अरविंद घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी में दाखिल कराया गया। चिकित्साधिकारी डा. हर्ष सिंह ऐरी ने बताया कि घायलों में विजेंद्र व अरविंद की हालत गंभीर देख उन्हें हल्द्वानी के डा. सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया है।
मारपीट में दो गांवों के पांच युवकों के घायल होने की खबर से अस्पताल में जमावड़ा लग गया। सूचना पर भाजपा नेता सौरभ बहुगुणा ने अस्पताल पहुंच घायलों का हाल जाना और नानकमत्ता थाना पुलिस से मारपीट के आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। खबर लिखे जाने तक पुलिस को आरोपियों के खिलाफ तहरीर नहीं दी गई थी।
---------