काशीपुर। नगर निगम प्रशासन कूड़ा नहीं उठाने और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन नियमित नहीं होने की शिकायत पर गंभीर हो गया है। नगर आयुक्त ने इस संबंध में निगम से अनुबंध एजेंसी पर दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
शनिवार को नगर आयुक्त विवेक राय ने बताया कि लगातार शहर के कई जगह से नियमित कूड़ा नहीं उठने की शिकायत मिल रही थी। इस पर एसएनए यशवीर सिंह राठी ने 23 जून को निरीक्षण किया तो शुगर मिल रोड और रॉयल इंक्लेव कलश मंडप के पास से कूड़ा नहीं उठा था। नगर आयुक्त ने बताया कि इस पर निगम से अनुबंध मैसर्स कोणार्क ग्लोबल सर्विस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाकर तीन दिन में निगम के कोष में जमा कराने के आदेश दिए हैं।
एसएनए यशवीर सिंह राठी ने प्रतिबंधित पॉलीथिन और सड़क में गंदगी फैलाने पर 15 लोगों का चालान कर 5900 रुपये का जुर्माना कर छह किलो पॉलीथिन जब्त की। वहीं एसएनए विनोद लाल ने सड़क में गोबर फैलाने पर चार लोगों का चालान कर 20 हजार का जुर्माना लगाया है। सिंगल यूज प्लास्टिक, सड़क पर कूड़ा फेंकने पर 4200 रुपये जुर्माना कर साढ़े चार किलो पॉलीथिन जब्त की।
घर-घर से कूड़ा उठाने वाले कर्मियों में बांटे सुरक्षा उपकरण
काशीपुर। नगर निगम क्षेत्र में घर-घर कूड़ा कलेक्शन और शहर के कूड़ा प्वाइंट से कूड़ा कलेक्शन के लिए कोणार्क ग्लोबल सर्विसस का अनुबंध है। मेयर ऊषा चौधरी और नगर आयुक्त विवेक राय के आदेश पर शनिवार को फर्म ने सभी कार्मिकों को मास्क, ग्लब्स, गमबूट, वर्दी आदि सुरक्षा उपकरण बांटे। संस्था ने सभी लोगों से गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग रखने के साथ ही खुले में कूड़ा न डालने की अपील की है। एजेंसी ने कूड़ा संबंधित समस्या के लिए मोबाइल नंबर
7037065708
जारी किया। अपील की कि शहरवासी उक्त नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यहां पर एजेंसी के नीरज पारछे, साहिल कुमार, अमित भारती, गोविंद, रितिक, प्रियांशु राय मौजूद रहे।