बाजपुर। सुल्तानपुर पट्टी स्थित अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक शाखा प्रबंधक ने कोतवाली में तहरीर देकर गांव जोगीपुरा निवासी एक व्यक्ति पर बैंक में बंधक प्लाट को बेचने का आरोप लगाया है। कहा कि आरोपी ने बंधक प्लाट को दो लोगों के नाम पर दाननामा करके बेच दिया है।
शनिवार को शाखा प्रबंधक सुनील जोशी ने कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि गांव जोगीपुरा निवासी एक व्यक्ति ने 800 वर्ग फुट प्लाट को उनकी बैंक शाखा में बंधक रखकर 15 फरवरी 2024 को पांच लाख रुपये का ऋण लिया था जो एनपीए की श्रेणी में दर्ज है। बताया कि वर्तमान में ऋण राशि 4,69,567 बकाया है। बैंक अधिवक्ता की ओर से संपत्ति की जांच कर एनईसी निकालने पर संज्ञान में आया कि ऋणी की ओर से उक्त बंधक संपत्ति को बिना बैंक ऋण चुकता किए रजिस्टर्ड दाननामा के माध्यम से दो लोगाें को 25 जुलाई 2025 को बेच दिया गया। कोतवाली के एसएसआई जसविंदर सिंह के अनुसार बैंक प्रबंधक की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है।