खटीमा। हाथी की मौत के मामले में सोमवार को वन विभाग ने आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। वन विभाग के मुताबिक, खेतों के किनारे करंट लगाया था। करंट की चपेट में आने से हाथी की मौत की आशंका जताई जा रही है।
रविवार सुबह गौसीकुआं बीट में वनक्षेत्र से सटे खेत में एक हाथी का शव मिला था। वन विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। वन्यजीवों को खेतों में घुसने से रोकने के लिए खेत के किनारे करंट लगाया था। अधिकारियों के मुताबिक, करंट की चपेट में आकर हाथी की मौत हो गई थी। इस मामले में सोमवार सुबह सनिया नाला बस्ती,चकरपुर निवासी दौलतराम को गिरफ्तार कर लिया गया।
खटीमा उप वन प्रभाग की एसडीओ संचिता वर्मा ने बताया कि घटनास्थल पर बिजली का तार भी मिला है, ऐसे में हाथी की मौत करंट लगने से होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि आरोपी दौलत राम के खिलाफ वन्यजीव अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।