एसबीएस पीजी कॉलेज में सीटें न बढ़ाए जाने से आक्रोशित एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को महाविद्यालय में तालाबंदी की। उन्होंने दो दिन के भीतर मांगे पूरी न होने पर भूख हड़ताल की धमकी दी।
नए सत्र में सीटें बढ़ाने की मांग कर रहे एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने सुबह साढ़े 11 बजे कॉलेज के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर दी। इससे पूर्व उन्होंने कक्षाओं को घूमकर खाली करवाया। इस दौरान महाविद्यालय के विभिन्न विभागों में अफरातफरी का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के साथ ही उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत के खिलाफ भी नारेबाजी की। कहा कि प्रवेश के लिए 4666 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है लेकिन सीटें मात्र 2546 हैं। प्रवेश से वंचित शेष 2,120 छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। उन्होंने ऑनलाइन आवेदन करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को प्रवेश एवं अन्य मांगों को पूरा करने की मांग की। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. गंगा सिंह बिष्ट के माध्यम से उच्च शिक्षा निदेशक को चार सूत्री ज्ञापन भेजा। वहां पर एबीवीपी के जिला संयोजक गोपाल पटेल, नगर उपाध्यक्ष सौरभ राठौर, रचित सिंह, प्रिया शर्मा, निशा शर्मा, श्वेता, प्राची गुप्ता, किशन यादव, रामप्रकाश, महेश आचार्य, भरत, विपिन पांडे, कमल पोपली, संजीव मौर्य, राहुल आदि थे। इधर, बाजपुर में पूर्व की भांति प्रवेश देने सहित तीन सूत्री मांगों को लेकर छात्रों ने दूसरे दिन डिग्री कॉलेज गेट पर तालाबंदी कर कुलपति का पुतला फूंका। मंगलवार को छात्र संघ अध्यक्ष उमेश पासी और उपाध्यक्ष आशीष भट्ट के नेतृत्व में छात्र कॉलेज गेट पर पहुंचे और 19 जुलाई से अनशन की धमकी दी। मौके पर गुलफाम, शावेज, रोहित तुली, दिनेश प्रजापति, नकुल शर्मा, गुलशेर अहमद, बबलू आदि थे।
36.17 प्रतिशत तक पहुंची बीए की कट ऑफ लिस्ट
रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह महाविद्यालय में बीए प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए सामान्य वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए कट ऑफ लिस्ट 43.6 प्रतिशत पहुंचीं। जबकि बीए में एससी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए 49, बीए एसटी 36.17 प्रतिशत और ओबीसी 56.4 प्रतिशत तक कट ऑफ लिस्ट पहुंची। जबकि बीकॉम सामान्य वर्ग में 56.2, ओबीसी 57.8, एससी 44 प्रतिशत और एसटी में 46.6 प्रतिशत तक कट ऑफ लिस्ट रही। एमएससी फिजिक्स में 58 प्रतिशत तक कट ऑफ लिस्ट पहुंचीं।
चौथे दिन भी अनशन पर रहे छात्र
काशीपुर। एबीवीपी कार्यकर्ता लंबित मांगो को लेकर चौथे दिन भी महाविद्यालय परिसर में अनशन पर डटे रहे। छात्रों ने कहा कि महाविद्यालय में बीएससी में 80, बीकॉम 70, बीए में जनरल में 75, ओबीसी में 70, एससी में 60 प्रतिशत पर मेरिट लिस्ट आकर रुक गई हैं। उन्होेंने बीते वर्ष की तरह इस साल भी सभी छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिए जाने, आनलाइन और आफ लाइन प्रवेश शुरू कराने की मांग की। वहां पर जिला सह संयोजक वरुण सेहरावत, करन भारद्वाज, आंचल शर्मा, प्रियंका आर्या, अभिनव मिश्रा, पकंज राजपूत, चिराग, तरुण आदि थे।