छह महीने में रुपये दोगुना देने का दावा करने वाली नेटवर्किंग कंपनी लोगों का करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गई। कंपनी के फरार होने के बाद उसके एजेंट खासे परेशान हैं। लोगों से रुपये एकत्र करने वाले एजेंट ने कंपनी संचालक के खिलाफ कार्यवाही करने के लिए तहरीर देने एएसपी कार्यालय पहुंचा। लेकिन एएसपी के न मिल पाने से वह बैरंग लौट गया।
एएसपी दफ्तर में आए ठाकुरद्वारा निवासी एक व्यक्ति ने कहा है कि स्टेशन रोड पर एक नेटवर्किंग कंपनी वर्ष 2015 में खोली गई थी। कंपनी संचालक ने एजेंट के तौर पर युवाओं को भर्ती किया था। बताया था कि कंपनी शेयर बाजार से जुड़ी है। जो व्यक्ति कंपनी में रकम जमा करेगा, उसे छह महीने के बाद दोगुना धन मिलेगा। उसने खुद के अलावा पत्नी और बड़ी संख्या में लोगों से रुपया दोगुना करने की बात कहकर लाखों रुपये कंपनी में जमा किए। ऐसे ही कई और एजेंटों ने भी लोगों से पैसा लेकर जमा करवाए थे।
लेकिन बीते फरवरी में कंपनी ने दफ्तर बंद कर लिया और संचालक सामान समेटकर गायब हो गया। जब संचालक से संपर्क किया गया तो परिजनों ने गाली गलौच और जान से मारने की धमकी दी। उसने बताया कि अब लोगों से रुपया जमा कराने वाले उसके जैसे कई एजेंट परेशान हैं। लोग अपने पैसों के लिए उनसे तकादा कर रहे हैं। कंपनी संचालक करोड़ों रुपये लेकर गायब है। एएसपी के नहीं मिलने पर वह वापस लौट गया।