काशीपुर। नवगठित गढ़ीनेगी नगर पंचायत चुनाव में चेयरमैन पद पर निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा ने 2047 मत प्राप्त कर भाजपा प्रत्याशी सचिन बाठला को 94 मतों से शिकस्त देकर जीत दर्ज की। पुलिस-प्रशासन ने किसी भी विजयी प्रत्याशी को जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी।
नवीन फल मंडी समिति परिसर में बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे एडीएम पंकज उपाध्याय, निर्वाचन अधिकारी/एसडीएम अभय प्रताप सिंह व तहसीलदार पंकज चंदोला की देखरेख में सात टेबल पर मतगणना कार्य शुरू हुआ। सबसे पहले नगर पंचायत के सात वार्ड सभासदों के मतों की मतगणना की गई।
सभासद पद पर जीते प्रत्याशी
वार्ड नंबर 1 दक्षनगर - रजनी ने पूजा को 65 मतों से हराया
वार्ड नंबर 2 महर्षि वाल्मीकि कॉलोनी - लवकुश ने प्रेम प्रकाश को 172 मतों से हराया
वार्ड नंबर 3 गोविंदपुर - दलीप सिंह ने मनोज कुमार सुखीजा को 18 मत से हराया
वार्ड नंबर 4 चामुंडा नगर - अर्पण चावला ने जगदीप सिंह को 125 मतों से हराया
वार्ड नंबर 5 रामेश्वरमपुरम - सुंगधा ने राधा चावला को 90 मतों से हराया
वार्ड नंबर 6 रामफल आदर्श नगर - कुलविंदर कौर ने प्रियंका रानी को 21 मतें से हराया
वार्ड नंबर 7 आंबेडकर नगर - नरेश कुमार ने नितिन कुमार को 22 मतों से हराया
चेयरमैन पद पर रही रस्साकशी
चेयरमैन पद पर मतों की गणना में भाजपा प्रत्याशी सचिन बाठला को 1953 मत मिले जबकि निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा को 2038, श्वेता को 30, भूपेश राय को 20 व रमेश कुमार को 6 मत हासिल हुए। निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा ने 85 मतों से जीत दर्ज की। अभिषेक सुखीजा ने जीत का अंतर अधिक बताते हुए दोबारा से निरस्त मतों की गणना और जांच कराने के लिए निर्वाचन अधिकारी से कहा। सहायक निर्वाचन अधिकारी पंकज चंदोला की देखरेख में मतगणना की सात टेबलों पर दोबारा से जांच की गई। दोबारा से कराई जांच के बाद 9 मत अभिषेक सुखीजा के पक्ष में पाए जाने पर उन्होंने 2047 मत हासिल करके कुल 94 मतों से जीत हासिल की। मतगणना स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
यह जीत गढ़ीनेगी के युवा वर्ग की जीत हैं : अभिषेक सुखीजा
जीत दर्ज करने के बाद अभिषेक सुखीजा ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता गढ़ीनेगी नगर पंचायत क्षेत्र की मूलभूत सुविधाएं सड़क, पेयजल, पानी निकासी, स्ट्रीट लाइटों की उचित व्यवस्था करना होगी। यह जीत उनकी नहीं बल्कि गढ़ीनेगी के युवा वर्ग की जीत है। युवाओं का उन्हें भरपूर सहयोग मिला और उनको नगर पंचायत के पहले चेयरमैन की कुर्सी पर बैठाया है।
मतगणना के दौरान चर्चा में आया वायरल ऑडियो
काशीपुर। गढ़ीनेगी नगर पंचायत चुनाव के बाद बृहस्पतिवार को मतगणना हुई। मतगणना के दौरान एक ऑडियो वायरल हुआ। इसमें जो आवाज सुनाई दे रही थी वो आवाज काशीपुर के मेयर से मेल खा रही थी। ऑडियो में विरोधियों के समर्थकों को खदेड़ने की बात कही जा रही थी। यह आवाज काशीपुर के मेयर की है या नहीं इसकी पुष्टि नहीं की जाती है। ऑडियो वायरल होने से यह मामला चर्चाओं में आया है। दूसरी ओर, इस मसले पर मेयर दीपक बाली ने बताया कि उनके विरोधियों ने एआई के जरिये उनकी आवाज का यह ऑडियो वायरल किया है। जांच कर ऐसा करने वालों पर प्राथमिकी दर्ज कराएंगे।